नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए हाई-वोल्टेज मुकाबले ने व्यूअरशिप के सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर इस मैच को 16.3 करोड़ यूजर्स ने देखा, जो टी-20 फॉर्मेट में किसी भी ICC इवेंट के एक मैच के लिए अब तक की सबसे ज्यादा रीच है।
15 फरवरी को आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले को कुल 20 अरब मिनट तक देखा गया। यह आंकड़ा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 2024 टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल से भी ज्यादा है, जो भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेला गया था।
मोबाइल पर यह लीग स्टेज का सबसे ज्यादा देखा गया मैच बना। सभी प्लेटफॉर्म मिलाकर कुल 20 अरब मिनट का वॉच टाइम दर्ज किया गया, जो पिछले संस्करण की तुलना में 42 प्रतिशत अधिक है। वहीं 2024 के भारत-पाकिस्तान मुकाबले की तुलना में डिजिटल रीच में 56 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
जियोहॉटस्टार के स्पोर्ट्स सेल्स हेड अनूप गोविंदन ने कहा कि यह रिकॉर्ड दर्शकों के असाधारण जुड़ाव को दिखाता है। कंटेंट हेड सिद्धार्थ शर्मा ने इसे देश में टी-20 वर्ल्ड कप के प्रति जुनून का प्रमाण बताया।
मैच में जीत के साथ भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ अपना रिकॉर्ड 8-1 कर लिया। टीम इंडिया अब सुपर-8 में पहुंच चुकी है और 21 फरवरी से शुरू हो रहे अगले चरण में खिताब बचाने की चुनौती के साथ उतरेगी।
सुपर-8 स्टेज में 4-4 टीमों के दो ग्रुप होंगे। हर टीम अपने ग्रुप में तीन-तीन मैच खेलेगी। एक ग्रुप में कुल छह मैच होंगे और दोनों ग्रुप मिलाकर 12 मुकाबले खेले जाएंगे। दोनों ग्रुप की शीर्ष दो टीमें अगले राउंड में प्रवेश करेंगी। 22 और 26 फरवरी तथा 1 मार्च को डबल हेडर मुकाबले होंगे, जबकि 20 से 28 फरवरी के बीच अन्य दिनों में एक-एक मैच खेला जाएगा।
पहला सेमीफाइनल 4 मार्च को और दूसरा 5 मार्च को वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। फाइनल मुकाबला 8 मार्च को होगा। यदि पाकिस्तान नॉकआउट में पहुंचता है तो उसके सभी मैच कोलंबो में खेले जाएंगे।




