मुंबई। भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप में शानदार शुरुआत करते हुए शनिवार को USA को 29 रन से हरा दिया। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में अमेरिका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। भारत ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 162 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए USA की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 132 रन ही बना सकी।
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 49 गेंदों पर नाबाद 84 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने इस दौरान अपना 8वां टी-20 इंटरनेशनल अर्धशतक लगाया और कप्तान के रूप में 1000 रन भी पूरे किए। शुरुआती ओवरों में भारत के लगातार विकेट गिरने के बाद सूर्यकुमार ने पारी को संभाला और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
अमेरिका की ओर से शुभम रंजने और संजय कृष्णमूर्ति ने 37-37 रन बनाए, जबकि मिलिंद कुमार ने 34 रन का योगदान दिया। हालांकि टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी। भारत की गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज ने 3 विकेट लिए। वहीं अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट झटके।
मोहम्मद सिराज ने पावरप्ले में एंड्रीज गौस (6) और साईतेजा मुक्कामाला (2) को आउट कर अमेरिका पर दबाव बनाया। इसके बाद आखिरी ओवर में शुभम रंजने (37) को LBW कर भारत की जीत सुनिश्चित की।
इस जीत के साथ भारत ग्रुप-ए की पॉइंट टेबल में पहले स्थान पर पहुंच गया है। भारत और पाकिस्तान दोनों के पास 2-2 अंक हैं, लेकिन बेहतर नेट रन रेट के कारण भारत टॉप पर है। भारतीय टीम का अगला मैच 12 फरवरी को नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मुकाबला शाम 7 बजे से शुरू होगा।
मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए सूर्यकुमार यादव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।




