मुंबई। भारत ने इंग्लैंड को 7 रन से हराकर टी-20 विश्व कप 2026 के फाइनल में जगह बना ली है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में मिली इस जीत के साथ भारतीय टीम चौथी बार टी-20 विश्व कप के फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई। इससे पहले भारत 2007, 2014 और 2024 में फाइनल खेल चुका है। इस जीत के साथ भारत लगातार दो टी-20 विश्व कप फाइनल (2024 और 2026) में पहुंचने वाली तीसरी टीम भी बन गया, इससे पहले यह उपलब्धि पाकिस्तान और श्रीलंका हासिल कर चुके हैं। मैच में दोनों टीमों ने मिलकर 34 छक्के लगाए, जो टी-20 विश्व कप के किसी एक मैच में सबसे ज्यादा हैं, जबकि मुकाबले में कुल 73 बाउंड्री लगीं। दोनों टीमों ने मिलकर 499 रन बनाए, जो टी-20 अंतरराष्ट्रीय इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा मैच टोटल है। भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में 88 छक्के लगाकर एक संस्करण में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी बना दिया। मैच में संजू सैमसन ने 89 रन की शानदार पारी खेली और टी-20 विश्व कप नॉकआउट में भारत के लिए सबसे बड़ी पारी के मामले में विराट कोहली की बराबरी कर ली। वहीं इंग्लैंड के जैकब बेथेल ने 45 गेंदों में शतक बनाते हुए 105 रन की पारी खेली, जो टी-20 विश्व कप नॉकआउट इतिहास की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी है। गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती ने चार ओवर में 64 रन दिए और टी-20 विश्व कप नॉकआउट में सबसे महंगे गेंदबाज बन गए। भारत अब फाइनल में खिताब के लिए उतरेगा और टीम का लक्ष्य एक और विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम करना होगा।
भारत ने इंग्लैंड को हराकर टी-20 विश्व कप फाइनल में बनाई जगह




