मुंबई। भारतीय महिला क्रिकेट टीम को प्रतिष्ठित लॉरियस वर्ल्ड टीम ऑफ द ईयर अवॉर्ड के लिए नामित किया गया है। लॉरियस वर्ल्ड स्पोर्ट्स अवॉर्ड्स ने मंगलवार को इसकी घोषणा की। यह नामांकन टीम के शानदार प्रदर्शन और पहली बार महिला क्रिकेट विश्व कप जीतने की उपलब्धि के आधार पर मिला है। स्पेन के मैड्रिड स्थित सिबेल्स पैलेस में होने वाले समारोह में दुनिया भर के दिग्गज खिलाड़ी शामिल होंगे और विजेताओं का चयन लॉरियस वर्ल्ड स्पोर्ट्स एकेडमी करेगी। भारतीय महिला टीम ने 2025 में मुंबई में खेले गए विश्व कप के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ महिला एकदिवसीय इतिहास का सबसे बड़ा सफल लक्ष्य हासिल किया था और फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर पहली बार खिताब अपने नाम किया था। ग्रुप चरण में लगातार तीन हार के बाद टीम ने शानदार वापसी करते हुए तीसरी बार फाइनल में जगह बनाई और ट्रॉफी जीत ली। इस वर्ष वर्ल्ड टीम ऑफ द ईयर श्रेणी में भारत के साथ इंग्लैंड महिला फुटबॉल टीम, यूरोपीय राइडर कप टीम, मैकलारेन फॉर्मूला वन टीम, ओक्लाहोमा सिटी थंडर और पेरिस सेंट जर्मेन भी दौड़ में हैं। इससे पहले भारतीय खिलाड़ियों में सचिन तेंदुलकर को 2020 में स्पोर्टिंग मोमेंट अवॉर्ड मिला था, जबकि नीरज चोपड़ा और ऋषभ पंत को भी अलग-अलग श्रेणियों में नामांकन मिल चुका है। वहीं पुरुष वर्ग के स्पोर्ट्समैन ऑफ द ईयर अवॉर्ड के लिए टेनिस खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज और यानिक सिनर के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा मानी जा रही है।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम लॉरियस वर्ल्ड टीम ऑफ द ईयर अवॉर्ड के लिए नामित




