भारत के शीर्ष भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने दोहा डायमंड लीग में शानदार प्रदर्शन करते हुए 90.23 मीटर का थ्रो किया, जो उनके करियर की अब तक की सर्वश्रेष्ठ दूरी है। उन्होंने प्रतियोगिता की शुरुआत 88.44 मीटर के थ्रो से की, जबकि उनका दूसरा प्रयास अमान्य रहा। तीसरे प्रयास में उन्होंने 90.23 मीटर की दूरी तय कर पहले की अपनी सर्वश्रेष्ठ दूरी 89.94 मीटर को पीछे छोड़ दिया, जो उन्होंने 2022 की डायमंड लीग में हासिल की थी। हालांकि इस बेहतरीन प्रदर्शन के बावजूद नीरज प्रतियोगिता में दूसरे स्थान पर रहे। पहले स्थान पर जर्मनी के जूलियन वेबर रहे, जिन्होंने आखिरी प्रयास में 91.06 मीटर भाला फेंका, जबकि ग्रेनेडा के पीटर्स एंडरसन 85.64 मीटर के थ्रो के साथ तीसरे स्थान पर रहे। अन्य भारतीय एथलीटों में गुलवीर सिंह ने 5000 मीटर की दौड़ में 13:24.32 मिनट का समय निकालकर नौवां स्थान प्राप्त किया, जबकि पारुल चौधरी ने महिलाओं की 3000 मीटर स्टेपलचेज में 9:13.39 मिनट के समय के साथ छठा स्थान हासिल किया।
नीरज का 90.23 मीटर थ्रो, दोहा लीग में दूसरा स्थान




