नवी मुंबई। विमेंस प्रीमियर लीग के पांचवें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने यूपी वॉरियर्ज को 9 विकेट से हरा दिया। डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में RCB ने 144 रन का लक्ष्य सिर्फ 12.1 ओवर में हासिल कर लिया।
RCB की जीत में ओपनर ग्रेस हैरिस और कप्तान स्मृति मंधाना ने अहम भूमिका निभाई। हैरिस ने 40 गेंदों पर 85 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि मंधाना ने 47 रन बनाए और टीम को तेज शुरुआत दिलाई।
नवी मुंबई में पहले बल्लेबाजी करते हुए यूपी वॉरियर्ज की टीम 143 रन पर सिमट गई। यूपी ने सिर्फ 50 रन पर 5 विकेट गंवा दिए थे, लेकिन इसके बाद डिएंड्रा डॉटिन और दीप्ति शर्मा ने 93 रन की साझेदारी कर स्कोर को संभाला। बेंगलुरु की ओर से श्रेयांका पाटिल और नदीन डी क्लर्क ने 2-2 विकेट लिए।
इस जीत के साथ RCB को लगातार दूसरी जीत मिली है। टीम ने इससे पहले डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस को हराया था। वहीं यूपी वॉरियर्ज को लगातार दूसरी हार झेलनी पड़ी, इससे पहले उसे गुजरात जायंट्स ने 10 रन से हराया था।
पॉइंट्स टेबल में गुजरात जायंट्स पहले और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु दूसरे स्थान पर पहुंच गई है।




