इंदौर के संगम नगर क्षेत्र की निवासी वैष्णवी बोरकर ने हाल ही में आयोजित स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की अंतरविद्यालय तलवारबाज़ी प्रतियोगिता वर्ष 2025 में अंडर-17 आयु वर्ग के फॉयल वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर डिवीजन स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित होने का गौरव प्राप्त किया है। वैष्णवी इस समय सेंट मैरी चैंपियन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कक्षा नवमी की छात्रा हैं और पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। वे वॉरियर फाउंडेशन मार्शल आर्ट संस्था में नियमित रूप से अभ्यास करती हैं तथा उनके प्रशिक्षक करन साहू के मार्गदर्शन में अभी से राष्ट्रीय तलवारबाज़ी प्रतियोगिता की तैयारी में पूरी मेहनत से जुटी हुई हैं। वैष्णवी तलवारबाज़ी के अतिरिक्त कोशीकी कराटे में भी राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता रह चुकी हैं और मुएथाई जैसी मार्शल आर्ट विधा में भी उनकी गहरी रुचि है। उनकी इस बहुमुखी उपलब्धि में उनके परिवार का भी पूरा सहयोग है, विशेष रूप से उनकी माता वर्षा बोरकर उन्हें निरंतर प्रोत्साहित करती हैं और उनका छोटा भाई भी उनके साथ प्रशिक्षण ले रहा है, जो स्वयं भी राष्ट्रीय पदक विजेता है। उनकी इस उत्कृष्ट उपलब्धि से न केवल उनका विद्यालय और प्रशिक्षक, बल्कि पूरा इंदौर शहर उन पर गर्व महसूस कर रहा है।
तलवारबाज़ी में वैष्णवी बोरकर का परचम, राष्ट्रीय स्तर की तैयारी में जुटी




