अहमदाबाद। टी-20 वर्ल्ड कप में वर्ल्ड चैंपियन टीम इंडिया को इतिहास की सबसे बड़ी हार झेलनी पड़ी है। सुपर-8 के तीसरे मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने भारत को 76 रन से हराया। इसके साथ ही भारत का लगातार 12 मैचों से चला आ रहा जीत का सिलसिला भी थम गया।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और 20 ओवर में 7 विकेट पर 187 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम 18.5 ओवर में 111 रन पर ऑलआउट हो गई। मार्को यानसन ने 4 विकेट लिए, जबकि केशव महाराज ने 3 विकेट झटके। कॉर्बिन बॉश और ऐडन मार्करम को भी सफलता मिली। भारत की ओर से शिवम दुबे ने सबसे ज्यादा 42 रन बनाए।
साउथ अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और टीम ने 20 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे। क्विंटन डी कॉक, ऐडन मार्करम और रायन रिकेल्टन सस्ते में आउट हो गए। इसके बाद डेविड मिलर और डेवाल्ड ब्रेविस ने पारी संभाली। दोनों ने 50 गेंद में 97 रन की साझेदारी कर मैच का रुख बदल दिया। मिलर ने 35 गेंद पर 63 रन बनाए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। ट्रिस्टन स्टब्स ने 24 गेंद पर नाबाद 44 रन जोड़े।
भारत की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखरी नजर आई। लगातार चौथे मैच में एक ओपनर बिना खाता खोले आउट हुआ। इस बार ईशान किशन शून्य पर लौटे। तिलक वर्मा एक रन बनाकर आउट हुए, जबकि अभिषेक शर्मा 15 रन ही बना सके। कप्तान सूर्यकुमार यादव 18 और वॉशिंगटन सुंदर 11 रन बनाकर आउट हुए। पूरी पारी में एक भी अर्धशतकीय साझेदारी नहीं हो सकी। 7 से 15 ओवर के बीच टीम ने सिर्फ 57 रन बनाए और पांच विकेट गंवा दिए। 15वें ओवर में केशव महाराज ने हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह और अर्शदीप सिंह को आउट कर भारत की उम्मीदें खत्म कर दीं।
इस हार से भारत का नेट रन रेट -3.800 हो गया है। सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए टीम इंडिया को अब अगले दोनों मुकाबले बड़े अंतर से जीतने होंगे।
भारत की प्लेइंग इलेवन में ईशान किशन, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, रिंकू सिंह, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह शामिल थे। साउथ अफ्रीका की ओर से ऐडन मार्करम, क्विंटन डी कॉक, रायन रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को यानसन, कॉर्बिन बॉश, केशव महाराज, कगिसो रबाडा और लुंगी एनगिडी ने खेला।




