टी-20 वर्ल्ड कप के लिए भारत नहीं आएगा बांग्लादेश, मैच श्रीलंका शिफ्ट कराने की मांग

Must read

नई दिल्ली। बांग्लादेश की टीम टी-20 वर्ल्ड कप खेलने भारत नहीं आएगी। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने यह फैसला लेते हुए इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) से अपने सभी मैच श्रीलंका में कराने की औपचारिक मांग की है। बोर्ड का कहना है कि भारत में खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर सरकार से सलाह लेने के बाद यह निर्णय लिया गया है।

BCB के इस फैसले की जानकारी यूनुस सरकार में खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने सोशल मीडिया पर दी और बोर्ड के रुख का समर्थन किया। अब ICC को तय करना है कि बांग्लादेश के मैच भारत से श्रीलंका शिफ्ट किए जाएंगे या नहीं। टी-20 वर्ल्ड कप 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका में शुरू होना है, ऐसे में शेड्यूल बदलना आसान नहीं माना जा रहा।

ग्रुप स्टेज में बांग्लादेश के चारों मैच भारत में ही तय हैं। इनमें तीन मुकाबले कोलकाता के ईडन गार्डन्स और एक मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होना है। अगर मैच शिफ्ट होते हैं तो पूरे टूर्नामेंट के प्लान पर असर पड़ेगा।

इस फैसले की पृष्ठभूमि में बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को IPL टीम कोलकाता नाइट राइडर्स से बाहर किया जाना भी अहम माना जा रहा है। BCCI के निर्देश के बाद KKR ने मुस्तफिजुर को रिलीज किया था, जिसके बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने कड़ा रुख अपनाया।

BCB के मुताबिक, भारत में मौजूदा हालात को देखते हुए बोर्ड खिलाड़ियों को वहां भेजने का जोखिम नहीं लेना चाहता। इसी वजह से ICC को आधिकारिक मेल भेजकर मैच श्रीलंका में कराने की मांग की गई है।

गौरतलब है कि पाकिस्तान पहले ही अपने टी-20 वर्ल्ड कप मैच भारत से बाहर शिफ्ट करा चुका है। भारत-पाकिस्तान मैच भी श्रीलंका में खेला जाना तय है। अगर बांग्लादेश के मैच भी शिफ्ट होते हैं तो यह दूसरी टीम होगी, जो विवादों और सुरक्षा कारणों से भारत में वर्ल्ड कप नहीं खेलेगी।

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं। ग्रुप स्टेज 7 फरवरी से 19 फरवरी तक चलेगा, जबकि सुपर-8 मुकाबले 21 फरवरी से शुरू होंगे।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article