विशाखापट्टनम। इंडिया विमेंस ने टी-20 सीरीज के पहले मुकाबले में श्रीलंका को 8 विकेट से हराकर दमदार आगाज किया। डॉ वायएस राजशेखर रेड्डी स्टेडियम में खेले गए मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी और श्रीलंका विमेंस को 6 विकेट पर 121 रन पर रोक दिया। इसके जवाब में भारतीय टीम ने 15वें ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका की शुरुआत लड़खड़ा गई। कप्तान चमारी अटापट्टू तीसरे ओवर में 15 रन बनाकर आउट हो गईं। विष्मी गुणारत्ने और हसिनी परेरा ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन हसिनी 20 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। इसके बाद हर्षिता समरविक्रमा ने कुछ आक्रामक शॉट लगाए, मगर वे भी 21 रन ही बना सकीं।
श्रीलंका की पारी रन आउट से बुरी तरह प्रभावित रही। विष्मी गुणारत्ने 39 रन बनाकर रन आउट हुईं, वहीं निलाक्षी डी सिल्वा और कविषा दिलहारी भी इसी तरह विकेट गंवा बैठीं। भारत की ओर से दीप्ति शर्मा और श्री चरणी ने एक-एक विकेट लिया, जबकि फील्डिंग भी शानदार रही।
122 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडिया विमेंस को शुरुआती झटका लगा और शेफाली वर्मा 9 रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद स्मृति मंधाना और जेमिमा रोड्रिग्ज ने पारी को संभालते हुए 54 रन की अहम साझेदारी की। मंधाना 25 रन बनाकर आउट हुईं, लेकिन जेमिमा अंत तक डटी रहीं।
जेमिमा रोड्रिग्ज ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 69 रन बनाए और कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ मिलकर टीम को आसान जीत दिलाई। हरमनप्रीत 15 रन बनाकर नॉटआउट रहीं। श्रीलंका की ओर से इनोका राणावीरा को एक विकेट मिला।
इस मैच से भारत के लिए लेफ्ट आर्म स्पिनर वैष्णवी शर्मा ने टी-20 डेब्यू किया। उनके साथ श्री चरणी भी प्लेइंग-11 का हिस्सा रहीं। विकेटकीपर के तौर पर ऋचा घोष को मौका मिला।
दोनों टीमों के बीच दूसरा टी-20 मुकाबला 23 दिसंबर को फिर विशाखापट्टनम में खेला जाएगा। इसके बाद सीरीज के आखिरी तीन मैच तिरुवनंतपुरम में होंगे। वनडे वर्ल्ड कप जीतने के बाद यह इंडिया विमेंस की पहली अंतरराष्ट्रीय सीरीज है, जिसकी शुरुआत टीम ने जीत के साथ की है।




