नई दिल्ली। 12वीं एशियन इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत की पुरुष टीम की कप्तानी दो बार के एशियन इंडोर चैंपियन शॉटपुट खिलाड़ी तजिंदरपाल सिंह तूर करेंगे। यह प्रतियोगिता 6 से 8 फरवरी तक चीन के तियानजिन शहर में आयोजित होगी। 17 सदस्यीय भारतीय दल 3 फरवरी को चीन के लिए रवाना होगा।
भारतीय दल की घोषणा गुरुवार को एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने की। टीम में उभरते हुए शॉटपुट खिलाड़ी समरदीप सिंह गिल को भी जगह दी गई है, जिनसे भविष्य के लिए काफी उम्मीदें जताई जा रही हैं।
तजिंदरपाल सिंह तूर का रिकॉर्ड शानदार
31 वर्षीय तजिंदरपाल सिंह तूर ने ईरान के तेहरान में हुई 11वीं एशियन इंडोर चैंपियनशिप में 19.72 मीटर थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता था। उनका राष्ट्रीय आउटडोर रिकॉर्ड 21.77 मीटर है, जो उन्होंने 2023 में ओडिशा के भुवनेश्वर में बनाया था।
इसके अलावा, तूर कजाकिस्तान के नूर-सुल्तान में हुई 10वीं एशियन इंडोर चैंपियनशिप के भी गोल्ड मेडलिस्ट रह चुके हैं। वे दो बार एशियन गेम्स में भी स्वर्ण पदक जीत चुके हैं।
पुरुष वर्ग में इन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें
पुरुष टीम में लॉन्ग जंपर शहनवाज खान और अनुभवी ट्रिपल जंपर प्रवीण चित्रावेल इस प्रतियोगिता के जरिए अपने 2026 सीजन की शुरुआत करेंगे। इसके अलावा, हेप्टाथलॉन खिलाड़ी तेजस्विन शंकर और 60 मीटर स्प्रिंट में मणिकांत होब्लीधर भी भारतीय चुनौती को मजबूती देंगे।
महिला वर्ग में स्प्रिंट और जंप पर फोकस
महिला वर्ग में 60 मीटर दौड़ में देश की शीर्ष स्प्रिंटर नित्या गांधे और अभिनया राजराजन भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। वहीं मौमिता मंडल 60 मीटर बाधा दौड़ के साथ-साथ लॉन्ग जंप में भी अपनी दावेदारी पेश करेंगी।
भारतीय टीम इस चैंपियनशिप में पदकों की संख्या बढ़ाने और एशियाई स्तर पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराने के इरादे से उतरेगी।




