इंदौर। टीम इंडिया के वनडे और टेस्ट कप्तान शुभमन गिल रणजी ट्रॉफी के दूसरे राउंड में खेलते नजर आएंगे। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, इंदौर में न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी वनडे खेलने के बाद गिल राजकोट रवाना हो गए हैं। यहां उनकी होम टीम पंजाब को लीग स्टेज में सौराष्ट्र के खिलाफ छठा मुकाबला खेलना है। इस मैच में सौराष्ट्र की ओर से रवींद्र जडेजा के भी खेलने की संभावना है।
18 जनवरी को इंदौर में खेले गए वनडे के बाद शुभमन गिल सोमवार सुबह टीम इंडिया के कुछ खिलाड़ियों के साथ दिल्ली पहुंचे और वहां से राजकोट के लिए फ्लाइट ली। पंजाब और सौराष्ट्र के बीच यह मुकाबला 22 जनवरी से खेला जाएगा। पंजाब ग्रुप-बी में अपने आखिरी दो मैच खेलेगी और नॉकआउट में जगह बनाने के लिए उसे दोनों मुकाबले जीतने जरूरी होंगे। इस मैच में पंजाब की कप्तानी नमन धीर करेंगे।
पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के सूत्रों ने कन्फर्म किया है कि शुभमन गिल रणजी ट्रॉफी खेलने के लिए उपलब्ध रहेंगे और सौराष्ट्र के खिलाफ मैदान में उतरेंगे। गिल ने पिछला रणजी मुकाबला पिछले सीजन कर्नाटक के खिलाफ खेला था। घरेलू क्रिकेट को लेकर उनकी यह उपलब्धता टीम के लिए अहम मानी जा रही है।
गिल के साथ-साथ रवींद्र जडेजा भी रणजी ट्रॉफी का यह मुकाबला खेल सकते हैं। जडेजा सौराष्ट्र की ओर से पंजाब के खिलाफ उतरेंगे। वहीं, भारत की टी-20 टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के पहले मुकाबले के लिए नागपुर पहुंच चुकी है, जो 21 जनवरी को खेला जाएगा।
ग्रुप-बी की स्थिति की बात करें तो कर्नाटक और महाराष्ट्र टॉप पर हैं। मध्य प्रदेश, सौराष्ट्र, गोवा और पंजाब के बीच मुकाबला कड़ा है। पंजाब फिलहाल छठे स्थान पर है और नॉकआउट में पहुंचने के लिए सौराष्ट्र और कर्नाटक के खिलाफ दोनों मैच जीतना जरूरी होगा।




