अभिषेक की 14 गेंदों की फिफ्टी से भारत की तूफानी जीत, 10 ओवर में 154 रन चेज कर सीरीज जीती

Must read

गुवाहाटी। अभिषेक शर्मा की 14 गेंदों की अर्धशतकीय पारी के दम पर भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 154 रन का लक्ष्य सिर्फ 10 ओवर में हासिल कर लिया। बरसापारा स्टेडियम में खेला गया यह मुकाबला भारत के टी-20 इतिहास की दूसरी सबसे तेज फिफ्टी वाला मैच रहा। टीम इंडिया ने 60 गेंद शेष रहते 2 विकेट पर मैच खत्म किया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की टीम 153 रन ही बना सकी। जवाब में भारतीय बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और मैच को एकतरफा बना दिया। इस जीत के साथ भारत ने तीसरा टी-20 भी जीतकर पांच मैचों की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली और लगातार नौवीं टी-20 सीरीज अपने नाम कर ली।

अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 14 गेंदों में फिफ्टी पूरी कर भारत के लिए टी-20 इंटरनेशनल में दूसरी सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड बनाया। इस पारी के साथ उन्होंने हार्दिक पंड्या, केएल राहुल और सूर्यकुमार यादव जैसे बल्लेबाजों को पीछे छोड़ा। भारत के लिए सबसे तेज टी-20 फिफ्टी का रिकॉर्ड अब भी युवराज सिंह के नाम है, जिन्होंने 2007 वर्ल्ड कप में 12 गेंदों में अर्धशतक जड़ा था। अभिषेक ने 20 गेंदों पर नाबाद 68 रन बनाए।

भारत ने पावरप्ले के 6 ओवर में 94 रन बनाकर अपना दूसरा सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर दर्ज किया। यह न्यूजीलैंड के खिलाफ किसी भी टीम का अब तक का सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर भी रहा। टीम इंडिया ने सिर्फ 3.1 ओवर में फिफ्टी पूरी कर अपनी सबसे तेज टीम फिफ्टी का रिकॉर्ड भी बनाया।

मैच में कई यादगार पल देखने को मिले। हर्षित राणा की गेंद पर हार्दिक पंड्या ने डाइव लगाकर डेवोन कॉन्वे का शानदार कैच लिया। रवि बिश्नोई ने रचिन रवींद्र का दौड़ते हुए कैच पकड़ा। जसप्रीत बुमराह ने अपनी पहली ही गेंद पर टिम साइफर्ट को बोल्ड कर दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए संजू सैमसन पहली ही गेंद पर गोल्डन डक पर आउट हो गए।

इसके बाद ईशान किशन और अभिषेक शर्मा ने छक्कों से पारी को रफ्तार दी। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 19 गेंदों पर 53 रन जोड़े। अभिषेक ने छक्के के साथ फिफ्टी पूरी की और अपना मशहूर एल-शेप सेलिब्रेशन किया। अंत में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सुप्ला शॉट सहित आकर्षक शॉट्स खेले और 26 गेंदों पर नाबाद 57 रन बनाकर चौके के साथ भारत को जीत दिलाई।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article