गुरुग्राम। हरियाणा की साइबर सिटी गुरुग्राम में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शहर के 13 बड़े और प्रतिष्ठित स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला। धमकी की सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन और प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया। एहतियातन स्कूल परिसरों में सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें स्कूल से बाहर निकाला गया।
धमकी मिलने वाले स्कूलों में डीएलएफ फेज-1 स्थित कुंसकपालन स्कूल और शिव नादर स्कूल, सेक्टर-53 का लैंसर्स स्कूल, सेक्टर-64 का हेरिटेज एक्सपीरिएंशियल लर्निंग स्कूल, बादशाहपुर का पाथवे वर्ल्ड स्कूल, श्री राम अरावली स्कूल, मानव रचना सेक्टर-50 और सेक्टर-46, लोटस वैली, शेरवुड कॉन्वेंट स्कूल, यूरो इंटरनेशनल स्कूल, स्कॉटिश हाई स्कूल और शालोम हिल्स इंटरनेशनल स्कूल शामिल हैं। सभी स्कूलों को ईमेल के जरिए बम धमकी भेजी गई थी।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू कर दिया गया। शहर के अलग-अलग इलाकों में स्थित स्कूलों में पुलिस, बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की मदद से तलाशी ली जा रही है। इसके अलावा एसडीआरएफ की टीम को भी जांच और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग के लिए तैनात किया गया है।
अब तक की जांच में किसी भी स्कूल परिसर से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। हालांकि, प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है और हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि छात्रों और स्टाफ की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी खतरे की आशंका को पूरी तरह खत्म करने के बाद ही अगला फैसला लिया जाएगा।
स्कूल प्रबंधन की ओर से बताया गया कि सुबह बच्चों के स्कूल पहुंचने के समय उन्हें धमकी भरा ईमेल मिला। उस वक्त कुछ स्कूलों की बसें बच्चों को लेकर परिसर तक पहुंच चुकी थीं। स्थिति को देखते हुए तुरंत पेरेंट्स को मैसेज भेजकर बच्चों को स्कूल न भेजने की अपील की गई। जो छात्र पहले ही स्कूल पहुंच चुके थे, उन्हें सुरक्षित तरीके से बाहर भेज दिया गया।
फिलहाल पूरे मामले की साइबर एंगल से भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि धमकी भरा ईमेल किसने और कहां से भेजा। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।




