गुरुग्राम। साउदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर) पर जेनपैक्ट और वाटिका चौक के पास आधी रात बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर रोड डिवाइडर से टकराया और पलटते ही उसमें आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही मिनटों में ट्रक का केबिन पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
हादसा रात करीब 12 बजे हुआ, जब सड़क पर ट्रैफिक कम था। राजस्थान नंबर का ट्रक जयपुर की ओर से आ रहा था। टक्कर के बाद ईंधन रिसाव हुआ और देखते ही देखते आग भड़क उठी। लपटें इतनी ऊंची थीं कि अंधेरे में पूरा इलाका रोशन हो गया।
घटना देख राहगीर मौके पर रुके और ट्रक में फंसे ड्राइवर व कंडक्टर को बाहर निकाला। दोनों को एम्बुलेंस से निजी अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी। डिवाइडर से टकराने के बाद संतुलन बिगड़ा और पलटने के दौरान आग लग गई। ट्रक राजस्थान के बेरी निवासी दयाराम का बताया जा रहा है। घायलों की हालत स्थिर है, बयान बाद में दर्ज किए जाएंगे।
एसपीआर गुरुग्राम का व्यस्त कॉरिडोर है, जहां बड़े कॉर्पोरेट ऑफिस और प्रमुख चौराहे स्थित हैं। पुलिस हादसे के कारणों की पुष्टि के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।




