मोबाइल बचाने चोरों के पीछे दौड़ा युवक, बदमाशों ने ईंट से कुचला, मौत

Must read

गुरुग्राम। गुरुग्राम में मोबाइल फोन छीने जाने का विरोध करना एक युवक के लिए इतना भारी पड़ा कि उसे अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। नाथूपुर इलाके में तीन बदमाशों का पीछा करने के कारण 28 वर्षीय युवक को ईंट से इस कदर मारा कि दो दिन बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान बीरबल ओरांव के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले का रहने वाला था। वह डीएलएफ फेज-2 इलाके में हाउसकीपिंग का काम करता था और नाथूपुर में किराए के कमरे में रहता था। पुलिस के अनुसार, 14 जनवरी की देर रात बीरबल नाथूपुर मंडी क्षेत्र में एक शराब की दुकान के पास खड़ा था, तभी तीन युवकों ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया। बीरबल ने जब उनका पीछा किया तो आरोपियों ने उस पर ईंट से हमला कर दिया और उसे गंभीर हालत में सड़क पर छोड़कर फरार हो गए। घायल अवस्था में बीरबल को एंबुलेंस से सेक्टर-10 के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे हालत नाजुक होने पर पीजीआई रोहतक रेफर किया गया। डॉक्टरों ने उसे बयान देने के लिए अयोग्य बताया। 16 जनवरी को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर मृतक की बहन गुरुग्राम पहुंची और शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद डीएलएफ फेज-3 थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया।पुलिस की संयुक्त टीम ने नाथूपुर बिहारी मंडी इलाके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान नरेश कुमार, राजू कुमार झा और विपिन कुमार के रूप में हुई है, जो बिहार के विभिन्न जिलों के निवासी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने मोबाइल छीनने और युवक पर हमला करने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक, नरेश कुमार के खिलाफ पहले से चोरी के दो मामले और असम में एनडीपीएस एक्ट का एक केस दर्ज है। अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article