गुरुग्राम। साइबर अपराध थाना पूर्व क्षेत्र स्थित एक सोसाइटी में चल रहे प्रोजेक्ट में फर्जी दस्तावेज के जरिये प्लॉट दिलाने के नाम पर महिला से 16,75,200 रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कंपनी निदेशक के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। गुरुग्राम के वाटिका कुंज निवासी संगीता कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि ग्वाल पहाड़ी स्थित मैसर्स लोटस ड्रीम प्रोजेक्ट्स एंड डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक राजन सिंह ने उनके साथ प्लॉट देने के नाम पर धोखाधड़ी की है। राजन सिंह का कार्यालय सेक्टर-56 के देवेंद्र विहार में है। उसने संगीता कुमार को अपने बंधवाड़ी स्थित प्रोजेक्ट में 102 वर्ग मीटर क्षेत्रफल वाली भूमि व प्लॉट बेचने की पेशकश की और 60 दिन में ही रजिस्ट्री कराने का वायदा किया। राजन सिंह ने संगीता कुमार से कहा था कि प्लॉट पर उनकी कंपनी का मालिकाना हक है। राजन सिंह ने संगीता के अलावा अन्य खरीदारों को जमीन खरीदने का लालच दिया। वहीं, राजन सिंह ने जाली दस्तावेज दिखाकर संगीता कुमार को जमीन व प्लॉट खरीदने के लिए कहा। संगीता कुमार को बताया गया कि इस जमीन पर उनके पास संबंधित सरकारी एजेंसियों से सभी मंजूरी थी। ऐसे में संगीता ने 22 अगस्त 2023 को प्लॉट एग्रीमेंट कर लिया और इसके लिए कई शुल्क सहित कुल 16,75,200 रुपये का भुगतान कर दिया। 60 दिन बीतने के बाद भी उन्हें प्लॉट पर कब्जा तक नहीं दिया गया। राजन सिंह से जब भी रजिस्ट्री की प्रक्रिया करने के लिए कहा जाता तो वह कोई न कोई बहाना बनाकर उन्हें नजरअंदाज कर देता। इसके बाद जब संगीता कुमार अपने प्लॉट देखने पहुंची तो पता चला कि इस जमीन पर बने मकानों को प्राधिकरण ने ध्वस्त कर दिया था। राजन सिंह से इस बाबत बात की गई तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। संगीता कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि मैसर्स लोटस ड्रीम प्रोजेक्ट्स एंड डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक राजन सिंह ने फर्जी दस्तावेजों के चलते उनके साथ ठगी की है।




