पानी की बड़ी सप्लाई लाइन टूटी, खेतों में भरा पानी, शहर की आपूर्ति बचाने में जुटा प्रशासन

Must read

गुरुग्राम। रविवार सुबह गांव चंदू के पास वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को पानी पहुंचाने वाली गुड़गांव वाटर सप्लाई (GWS) नहर टूट गई, जिससे आसपास के खेतों में पानी फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही सिंचाई विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत मरम्मत का काम शुरू कराया गया।

इस नहर के जरिए रोजाना करीब 100 क्यूसेक पानी चंदू वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंचता है, जिससे शहर को पीने का पानी मिलता है। टूट-फूट और कटाव को देखते हुए एहतियातन मुंडाखेड़ा पंप हाउस को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है, ताकि आगे नुकसान न बढ़े।

अधिकारियों ने बताया कि नहर में बड़ी दरार बन गई है। शहर में पानी की सप्लाई बाधित न हो, इसके लिए फिलहाल NCR चैनल के माध्यम से ट्रीटमेंट प्लांट तक पानी भेजा जा रहा है। गांव के लोगों के मुताबिक नहर टूटने से खेतों में पानी भर गया, जिससे कुछ स्थानों पर मिट्टी का कटाव भी हुआ है। हालांकि समय रहते पानी का बहाव मोड़ दिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

दरअसल, गुरुग्राम में चंदू और बसई में दो वाटर ट्रीटमेंट प्लांट हैं। चंदू प्लांट से करीब 300 एमएलडी और बसई प्लांट से लगभग 270 एमएलडी पानी शहर को सप्लाई किया जाता है। इन दोनों प्लांटों तक सोनीपत के ककरोई से अलग-अलग नहरों के जरिए कच्चा पानी पहुंचता है। चंदू प्लांट को NCR चैनल और बसई प्लांट को GWS नहर से पानी मिलता है।

सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता के मुताबिक फिलहाल GWS नहर से पानी की सप्लाई घटकर 95 क्यूसेक रह गई है, जबकि NCR चैनल से लगभग 130 क्यूसेक पानी की आपूर्ति जारी है। मरम्मत के लिए मशीनें लगाई गई हैं और तेजी से काम कराया जा रहा है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही नहर की पूरी तरह मरम्मत कर सप्लाई सामान्य कर दी जाएगी।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article