गुरुग्राम। नए साल 2026 के स्वागत के लिए शहर पूरी तरह तैयार है। पब, बार, क्लब, मॉल और होटल्स में खास सजावट के साथ डीजे नाइट्स, थीम पार्टियां और लाइव परफॉर्मेंस रखी गई हैं। दिल्ली-एनसीआर के युवाओं की पहली पसंद बने गुरुग्राम में इस बार भी बड़ी संख्या में लोग न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए पहुंचने वाले हैं।
सेक्टर-29, साइबर हब, एमजी रोड और गोल्फ कोर्स रोड जैसे प्रमुख पार्टी हब में रेस्टोरेंट और क्लब फेस्टिव लाइटिंग और स्पेशल मेन्यू के साथ सजे हुए हैं। कई जगह अनलिमिटेड फूड और ड्रिंक्स पैकेज उपलब्ध हैं, जिनकी कीमत करीब 3000 रुपए से शुरू होकर 10,000 रुपए तक जा रही है।
लग्जरी होटलों में गाला डिनर और लाइव म्यूजिक
हिल्टन, डबलट्री बाय हिल्टन और रेडिसन जैसे लग्जरी होटलों में गाला डिनर, लाइव म्यूजिक और डीजे आफ्टर पार्टी का आयोजन किया गया है। साइबर हब और सेक्टर-29 के क्लबों में ईडीएम, बॉलीवुड और पंजाबी बीट्स पर डांस फ्लोर देर रात तक गुलजार रहेंगे।
लेजर वैली में बी प्राक का लाइव कॉन्सर्ट
इस बार न्यू ईयर का सबसे बड़ा आकर्षण लेजर वैली पार्क में पंजाबी सिंगर **B Praak** का लाइव कॉन्सर्ट है। ‘ईना मीना डीका’ नाम के इस ओपन एयर इवेंट में काउंटडाउन के साथ फायरवर्क्स और लेजर शो भी होगा। टिकट 999 रुपए से शुरू हैं और बुकिंग तेजी से चल रही है।
अन्य कलाकारों की भी एंट्री
कई जगह पंजाबी सिंगर जस्सी गिल और सूफी आर्टिस्ट्स के परफॉर्मेंस भी रखे गए हैं। एमजी रोड, गोल्फ कोर्स रोड और साइबर सिटी के पब्स में खास मेहमानों और सेलिब्रिटी डीजे को बुलाया गया है।
5400 पुलिसकर्मी तैनात, ट्रैफिक पर खास नजर
न्यू ईयर ईव पर भीड़ को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने कड़े इंतजाम किए हैं। करीब 5400 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, खासकर सेक्टर-29, साइबर हब, एमजी रोड और बाजारों में। ट्रैफिक पुलिस ने ड्रिंक एंड ड्राइव और हुड़दंग रोकने के लिए एडवाइजरी जारी की है।
ड्रंक एंड ड्राइव पकड़े जाने पर 10,000 रुपए जुर्माना और ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड करने की कार्रवाई की जाएगी। सड़कों पर गलत पार्किंग करने पर वाहन टो किए जाएंगे।
नशे में मेहमानों की जिम्मेदारी पब संचालकों की
डीसीपी डॉ. अर्पित जैन ने बताया कि पब, बार और रेस्टोरेंट संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि नशे में धुत मेहमानों को सुरक्षित घर तक पहुंचाने की व्यवस्था करें। लोगों से अपील की गई है कि जिम्मेदारी के साथ जश्न मनाएं और ट्रैफिक नियमों का पालन करें।
सेक्टर-29 में 9 स्पेशल पार्किंग जोन
पुलिस ने सेक्टर-29 और आसपास 9 जगहों पर स्पेशल पार्किंग तय की है, जिनमें लेजर वैली, साइबर हब, हुडा ग्राउंड और टैक्सी पार्किंग शामिल हैं।
सहायता के लिए पुलिस अलर्ट
किसी भी आपात स्थिति या जानकारी के लिए डायल 112 या 1095 पर संपर्क किया जा सकता है। पुलिस और ट्रैफिक टीमें पूरी रात तैनात रहेंगी ताकि लोग सुरक्षित तरीके से नए साल का स्वागत कर सकें।




