गुरुग्राम। सेक्टर-15 के पास झाड़सा चौक पर आधी रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 21 साल के युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार युवक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक करीब 10 फीट ऊपर उछलकर सड़क पर गिर पड़ा। हेलमेट न पहनने की वजह से उसके सिर में गंभीर चोट आई और अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से स्कूटी हटवाई और उसके रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मालिक से संपर्क किया। सुबह मालिक के पहुंचने पर मृतक की पहचान यश चौधरी के रूप में हुई, जो हीरा नगर का रहने वाला था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 11:40 बजे यश काले रंग की स्कूटी से झाड़सा चौक से गुजर रहा था। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने सीधे स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद युवक ट्रक के आगे गिर गया और आशंका है कि ट्रक का पहिया भी उसके ऊपर से निकल गया। हादसे में उसे सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।
मौके पर मौजूद एक डिलीवरी बॉय ने बताया कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। युवक ने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे सिर में गहरी चोट लगी। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर घायल को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
झाड़सा चौकी के जांच अधिकारी जोगिंद्र हुड्डा ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लिए जा रहे हैं। ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से मौत का मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों से अपील की है कि वे हेलमेट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाएं, क्योंकि अधिकांश सड़क हादसों में सिर में गंभीर चोट ही मौत का कारण बनती है।




