गुरुग्राम में रॉन्ग साइड से आ रही फॉरच्यूनर ने कार को मारी टक्कर, 6 घायल, 2 की हालत गंभीर

Must read

गुरुग्राम। गोल्फ कोर्स रोड पर रॉन्ग साइड से आ रही तेज रफ्तार फॉरच्यूनर बेकाबू हो गई और डिवाइडर तोड़ते हुए स्टाफ ले जा रही एक कार से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कुल छह लोग घायल हुए हैं, जिनमें चार युवतियां शामिल हैं। एक युवक और एक युवती की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के एक तरफ के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार सभी लोग करीब 20 मिनट तक अंदर ही फंसे रहे। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला और नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।

यह पूरी घटना कार के डैश कैम में कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि राजस्थान नंबर की फॉरच्यूनर कैसे डिवाइडर तोड़कर अनियंत्रित हालत में सड़क पर आती है और सामने से आ रही कार को टक्कर मार देती है। हादसे के बाद फॉरच्यूनर में सवार लोग घायलों को मौके पर छोड़कर फरार हो गए।

कार चालक विनोद कुमार ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन मदद पहुंचने में करीब 20 मिनट लग गए। उनका कहना है कि इसी देरी के कारण एक युवक और एक युवती की हालत ज्यादा बिगड़ गई, क्योंकि वे काफी देर तक गाड़ी में फंसे मदद के लिए चिल्लाते रहे।

सूचना के बाद गुरुग्राम पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर घायलों को अस्पताल भेजा। पुलिस ने राजस्थान नंबर की फॉरच्यूनर को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि छह दिन पहले भी गुरुग्राम के सेक्टर-85 में काली स्कॉर्पियो और थार से सार्वजनिक सड़क पर खतरनाक स्टंट करने का वीडियो सामने आया था। उस मामले में भी तेज रफ्तार और लापरवाही से लोगों की जान खतरे में पड़ी थी।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article