गुरुग्राम। पॉश इलाके डीएलएफ फेज-3 में बाइक चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला यू-ब्लॉक का है, जहां रात करीब साढ़े नौ बजे एक युवक महज एक मिनट के अंदर लॉक लगी बाइक तोड़कर ले गया। पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित की शिकायत पर डीएलएफ फेज-3 थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और तलाश में जुटी है, लेकिन जिस आसानी से चोरी हुई है, उससे इलाके के लोगों में डर का माहौल है। डीएलएफ फेज-3 निवासी अर्जुन सिंह ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी हीरो स्प्लेंडर+ बाइक घर के बाहर लॉक करके खड़ी की थी। पास में एक और बाइक और कार भी खड़ी थीं। 9 जनवरी की रात करीब 9 बजे बाइक पार्क करने के बाद वे घर के अंदर चले गए थे। अगली सुबह बाहर निकलने पर बाइक नहीं मिली। आसपास तलाश और पड़ोसियों से पूछताछ के बाद जब सीसीटीवी फुटेज देखी गई, तो सामने आया कि एक युवक एक मिनट के भीतर लॉक तोड़कर बाइक ले गया। फुटेज में युवक साफ तौर पर बाइक चुराकर तेजी से जाते हुए दिखाई दे रहा है। पीड़ित ने फुटेज पुलिस को सौंपते हुए जल्द बाइक बरामद करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि डीएलएफ फेज-3 और आसपास के इलाकों में दोपहिया वाहन चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे वाहन सुरक्षित जगह पर पार्क करें, मजबूत लॉक लगाएं और घर-मोहल्ले में सीसीटीवी कैमरे लगवाएं। साथ ही, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-3 में एक मिनट में बाइक चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात




