गुरुग्राम। पटौदी चौक चौकी क्षेत्र में गांधीनगर गली नंबर 11 के पास एंजेल चिल्ड्रन एकेडमी स्कूल के क्लासरूम में एक टीचर का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। उनके सिर में गोली लगने के निशान मिले हैं। साथ ही नीचे एक पिस्टल भी बरामद की गई है। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि टीचर ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर जांच शुरू कर दी है। मृत शिक्षक की पहचान 50 वर्षीय शैलेंद्र कुमार के रूप में की गई है। आस पड़ोस के लोगों ने बताया कि यह करीब 25 साल से गांधीनगर गली नंबर 11 के पास किराए से रह रहे थे और इस मकान में सबसे नीचे एंजेल चिल्ड्रन एकेडमी के नाम से स्कूल चलाते थे। तीन साल पहले इनका पत्नी से झगड़ा हुआ था और तब से उनकी पत्नी अलग किसी दूसरी जगह पर रह रही थी। यह यहां अकेले रहते थे। पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह सबसे ऊपर रहने वाला एक अन्य किराएदार जब नीचे उतरा तब उसने क्लास रूम में शव को कुर्सी पर पाया। नीचे खून बिखरा पड़ा हुआ था उन्होंने फौरन आसपास के लोगों को और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। गोली दाहिनी तरफ सिर में लगी हुई है। पटौदी चौकी पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। मामले की जांच की जा रही है। इनका परिवार मूल रूप से बिहार का रहने वाला है परिवार के लोगों को जानकारी दी गई है।




