गुरुग्राम। सेक्टर 93 चौकी क्षेत्र में सारे होम्स सोसायटी के पास मंगलवार रात एक कारोबारी की कार का शीशा तोड़कर चोर लैपटॉप बैग चोरी कर ले गए। बैग में नकदी, लैपटॉप और चेकबुक समेत अन्य कीमती सामान रखा हुआ था। बताया जाता है कि लैपटॉप में कारोबारी की कंपनी का महत्वपूर्ण डाटा था। कारोबारी ने इस डाटा का गलत इस्तेमाल होने की आशंका जताई है। सारे होम्स सोसायटी में रहने वाले संजीव कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह ट्रेडिंग का काम करते हैं। मंगलवार रात करीब आठ बजे वह अपनी अर्टिगा गाड़ी से सोसायटी के गेट के पास कुछ प्रिंट आउट लेने के लिए गए थे। गाड़ी गेट के पास ही खड़ी थी, जब वह दुकान से प्रिंट आउट लेकर वापस आए तो कार की पिछली खिड़की का शीशा टूटा मिला। पिछली सीट पर शीशे बिखरे हुए थे और वहां से लैपटॉप बैग गायब था। बैग में लैपटॉप के अलावा, कुछ नकदी और चेकबुक रखी हुई थी। कार मालिक ने गुरुग्राम पुलिस को मामले में शिकायत दी है और जल्द से जल्द चोर को गिरफ्तार कर सामान बरामदगी की मांग की। बता दें कि शहर में इससे पहले भी कार का शीशा तोड़कर लैपटॉप बैग व अन्य सामान चोरी होने की घटनाएं सामने आई हैं। ऐसे कुछ गिरोह शहर के विभिन्न इलाकों में सक्रिय हैं।सेक्टर 93 चौकी पुलिस ने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कारोबारी की कार का शीशा तोड़कर लैपटॉप, चेकबुक समेत नकदी चोरी




