गाजियाबाद। अदालतों पर बढ़ते मुकदमों के बोझ को कम करने के लिए पहली बार तीन स्पेशल अदालत लगाई जाएंगी। स्पेशल अदालतें 14 मार्च को आयोजित होने वाली लोक अदालत के दिन लगाई जाएंगी। स्पेशल अदालतों में पेट्टी आफेन्स, एनआई एक्ट और आर्बिट्रेशन से जुड़े मामलों की सुनवाई होगी। इन अदालतों में एक ही दिन में लगभग 80,800 लंबित मामलों को सुनने और निस्तारित करने का लक्ष्य तय किया गया है। माना जा रहा है कि इससे मुकदमों का काफी बोझ कम होगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अनुसार स्पेशल अदालतों में सबसे अधिक मामले पेटी ऑफेंस (लघु अपराध) से जुड़े हैं। ऐसे मामलों की संख्या लगभग 60 हजार है। पेटी ऑफेंस के अंतर्गत सार्वजनिक स्थान पर अव्यवस्था फैलाना, मामूली झगड़े, छोटे नियम उल्लंघन या अन्य हल्के अपराध आते हैं। इन मामलों में सजा या जुर्माने का प्रावधान होता है।




