गाजियाबाद। गाजियाबाद के संजय नगर सेक्टर-23 इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 44 साल के बेटे ने अपनी 70 वर्षीय बुजुर्ग और बीमार मां के साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोपी बेटे ने पहले कमरे में आकर मां के पास बैठकर उन्हें थप्पड़ मारे, फिर करीब 30 सेकेंड तक गला दबाया और इसके बाद घूंसे बरसाए। यही नहीं, उसने मां की दवाइयां भी जमीन पर पटक दीं। पूरी घटना कमरे में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
यह घटना बापूधाम थाना क्षेत्र के जागृति विहार स्थित मकान नंबर-22 की है, जहां भगवान देवी नाम की बुजुर्ग महिला रहती हैं। उनके पति विजयपाल सिंह, जो एक स्कूल में प्रिंसिपल थे, का कुछ साल पहले निधन हो चुका है। भगवान देवी के दो बच्चे हैं, एक बेटा और एक बेटी। बेटा निशांत राघव (44) उनके साथ ही रहता है, जबकि बेटी निशा राघव अमेरिका में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है।
सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, बेटा कमरे में घुसते ही बेड पर बैठता है और अचानक मां को थप्पड़ मारना शुरू कर देता है। इसके बाद वह उनका गला पकड़कर दबाता है और कुछ देर तक नहीं छोड़ता। फिर घूंसे मारता है और कमरे में टहलते हुए मां की दवाइयों को फेंक देता है। यह पूरी घटना अमेरिका में बैठी बेटी निशा ने लाइव देखी।
निशा ने बिना देर किए यह वीडियो रिश्तेदारों और सोसाइटी के लोगों को भेजा। वीडियो सामने आते ही इलाके में आक्रोश फैल गया। सोसाइटी के लोगों ने तुरंत मधुबन बापूधाम थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी बेटे निशांत को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।
परिवार से जुड़ी जानकारी के अनुसार, निशांत राघव की शादी करीब 17 साल पहले हुई थी और उसके चार बच्चे हैं। नशे की लत और घरेलू विवादों के चलते उसका अपनी पत्नी से पिछले ढाई साल से तलाक का मामला कोर्ट में चल रहा है। पत्नी अलग रह रही है। निशांत कुछ समय पहले नोएडा के नशामुक्ति केंद्र से लौटकर आया था।
बेटी निशा ने मां की देखभाल के लिए घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे, क्योंकि घर में उनकी देखरेख करने वाला कोई नहीं था। इसी कैमरे की वजह से यह बर्बरता सामने आ सकी।
एसीपी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। बुजुर्ग महिला की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना सामने आने के बाद इलाके में गुस्सा और चिंता का माहौल है।




