मोदीनगर। निवाड़ी रोड पर सोमवार शाम ड्यूटी के दौरान 42 वर्षीय होमगार्ड पंकज चौधरी की अचानक मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक उन्हें हृदयाघात आने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। बताया गया है कि पंकज चौधरी डायल 112 की बाइक पर तैनात थे और इसी दौरान रास्ते में पेशाब करने के लिए रुके थे, तभी बाइक से उतरते ही वह अचानक जमीन पर गिर पड़े। साथी पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पंकज चौधरी देवेंद्रपुरी कॉलोनी के निवासी थे और लगभग 18 वर्ष पहले उत्तर प्रदेश होमगार्ड में शामिल हुए थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को जानकारी दी गई। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हृदयाघात का प्रतीत होता है, लेकिन अंतिम पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी। होमगार्ड विभाग को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
ड्यूटी के दौरान होमगार्ड की अचानक मौत, हार्ट अटैक की आशंका




