गाजियाबाद। यूपी के गाजियाबाद में सामने आए ट्रिपल सुसाइड केस में पुलिस को आठ पेज का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें तीनों बहनों ने आत्महत्या की वजह लिखी है। पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट और अन्य सबूतों की जांच की जा रही है। तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटील के मुताबिक, सुसाइड नोट, मां सुजाता का मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्य जांच के लिए भेजे गए हैं। मोबाइल फोन खुलने के बाद ही यह पुष्टि हो सकेगी कि किसी गेमिंग एप का इस मामले से कोई संबंध है या नहीं।
सुसाइड नोट में बहनों ने लिखा है कि यह उनकी “ट्रू लाइफ स्टोरी” है और डायरी में जो कुछ लिखा है, वह सब सच है। उन्होंने लिखा, “रीड नाउ… आई एम रियली सॉरी पापा।”
नोट में उन्होंने कोरियन और के-पॉप को अपनी जिंदगी बताते हुए लिखा कि “कोरियन हमारी जान थी, तुमने हिम्मत भी कैसे की हमसे हमारी जान छुड़वाने की।” उन्होंने यह भी लिखा कि वे कोरियन से प्यार करती थीं और परिवार की ओर से शादी का दबाव उन्हें परेशान करता था।
सुसाइड नोट में कहा गया है कि “शादी के नाम से हमारे दिल में टेंशन होती थी… हम पसंद और प्यार करते थे कोरियन से और शादी इंडिया के आदमी से… कभी नहीं।” इसके बाद उन्होंने लिखा कि इसी कारण उन्होंने आत्महत्या कर ली।
पुलिस का कहना है कि यह सुसाइड नोट किसने लिखा है, इसकी पुष्टि के लिए इसे हैंडराइटिंग एक्सपर्ट के पास भेजा गया है। मामले की जांच जारी है।




