ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली नाले में पलटी, भूसे में दबकर दो युवकों की मौत

Must read

गाज़ियाबाद। ईशापुर नाहली मार्ग पर रविवार रात करीब एक बजे भूसे से लदी एक ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले में पलट गई। हादसे में ट्रॉली के ऊपर भूसे पर सो रहे 20 वर्षीय हाशिम और 22 वर्षीय आकिब की भूसे के नीचे दबकर मौत हो गई। दोनों युवक बागपत के केतीपुरा कॉलोनी के रहने वाले थे।

पुलिस के अनुसार उबैद नामक व्यक्ति भूसा सप्लाई का काम करता है और रविवार रात ट्रैक्टर-ट्रॉली में भूसा लेकर बागपत से भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव नाहली स्थित डेयरी जा रहा था। ट्रैक्टर पर उसका साथी इरफान बैठा था, जबकि हाशिम और आकिब ट्रॉली के ऊपर भूसे पर सो रहे थे। मोदीनगर-हापुड़ मार्ग से ईशापुर नाहली मार्ग पर आगे बढ़ते ही ट्रॉली का एक पहिया गड्ढे में गिर गया, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली असंतुलित होकर नाले में पलट गई।

हादसे के बाद दोनों युवक भूसे के नीचे नाले में दब गए। चालक उबैद ने पास की एक फैक्ट्री के गार्ड को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद वह और उसका साथी मौके से फरार हो गए। फैक्ट्री गार्ड ने डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और भोजपुर थाने की टीम ने करीब दो घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनों शवों को बाहर निकाला और मोदीनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मोदीनगर के एसीपी अमित सक्सेना ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली के ओवरलोड होने के कारण यह हादसा हुआ है। परिजनों को समझाने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर मामले में संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article