गाजियाबाद। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने गेमिंग एप और शेयर ट्रेडिंग के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया आरोपी आठवीं पास है और साइबर ठगों को 5 प्रतिशत कमीशन पर बैंक खाता उपलब्ध कराता था। जांच में सामने आया है कि गिरोह ने अब तक 7 घटनाओं को अंजाम दिया है, जिसमें कुल 3.29 करोड़ रुपये की ठगी की गई।
एसीपी क्राइम अमित सक्सेना के अनुसार, राजनगर एक्सटेंशन निवासी शिवराज सिंह यादव से शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का लालच देकर 1.11 करोड़ रुपये की ठगी की गई थी। पीड़ित को पहले एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया और फिर फर्जी शेयर ट्रेडिंग वेबसाइट के जरिए निवेश करवाकर रकम हड़प ली गई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज किया और मंगलवार को राजीव गार्डन कॉलोनी निवासी मोहम्मद नदीम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खाते से ठगी की रकम में से 9.4 लाख रुपये रिकवर किए हैं।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि अंकित और अरुण नाम के दो लोगों ने उसे गेमिंग प्लेटफॉर्म के जरिए साइबर फ्रॉड की जानकारी दी थी और खातों की डिटेल उपलब्ध कराने के लिए कहा था। बदले में उसे खाते में आने वाली रकम का 5 प्रतिशत कमीशन देने का वादा किया गया था।
इसके बाद आरोपी ने अंकित और अरुण के साथ मिलकर देव लॉजिस्टिक नाम से एक फर्जी फर्म बनाई और आईडीएफसी बैंक में चालू खाता खुलवाया। इस खाते की चेकबुक, एटीएम और इंटरनेट बैंकिंग की आईडी-पासवर्ड आरोपी से लेकर दोनों ने अपने पास रख ली थी। खाते से लिंक मोबाइल नंबर आरोपी के पास रहता था और ट्रांजेक्शन के दौरान आने वाले ओटीपी वह अंकित और अरुण को बताता था।
पुलिस फिलहाल फरार दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है।




