गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में पुलिस ने हत्यारोपी दो आरोपियों को एनकाउंटर के बाद पकड़ा है। थाना अंकुर विहार पुलिस ने रविवार देर रात बड़ी सफलता हासिल करते हुए हत्या के मामले में वांछित दो इनामी बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित था। मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके से ही दबोच लिया गया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्त में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, दिल्ली-सहारनपुर हाइवे की सर्विस लेन पर गढ़ी कटैया के पास चैकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि डाबर तालाब क्षेत्र में हुई हत्या के आरोपी बाइक से सभापुर अंडरपास की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी। कुछ ही देर में एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो पीछे बैठे बदमाश ने पुलिस पर फायर झोंक दिया। वहीं, बाइक चला रहे बदमाश ने बाइक मोड़कर खाली प्लॉट की ओर दौड़ा दी। पुलिस की क्रॉस फायरिंग में बाइक पर पीछे बैठे बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे और बाइक चला रहे उसके साथी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गाजियाबाद में एनकाउंटर के बाद दो शातिर बदमाश गिरफ्तार




