साहिबाबाद। खोड़ा थाना क्षेत्र के कागज मार्केट में शुक्रवार देर रात वैष्णो ढाबे पर खाने को लेकर हुए विवाद में दो लोगों की चाकू और पत्थर से वार कर हत्या कर दी गई। इस संघर्ष में एक व्यक्ति घायल भी हुआ है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। डीसीपी निमिष पाटील ने बताया कि रात में करीब 10:30 बजे ढाबे पर वारदात हुई। पूछताछ में पता चला है कि सत्यम, अनुराग और श्रीपाल का दूसरे पक्ष से झगड़ा हुआ। इसमें तीनों घायल हो गए। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी फरार हो गए। पुलिस तीनों को लेकर अस्पताल पहुंची, जहां सत्यम और श्रीपाल कि मौत हो गई। अनुराग घायल है। सीसीटीवी फुटेज निकलवाई गई हैं। डीसीपी ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
खोड़ा में ढाबे पर खाने को लेकर विवाद में दो लोगों की हत्या




