गाजियाबाद। गाजियाबाद के साहिबाबाद में टीला मोड़ थाना क्षेत्र स्थित भनेड़ा पुल पर बुधवार सुबह ड्यूटी जाते समय अज्ञात वाहन से कुचलकर साइकिल सवार उद्यान कर्मी की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर स्वजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव नहीं उठाने दिया। दो घंटे तक स्वजन हंगामा करते रहे। इस दौरान पुल पर करीब चार घंटे के लिए जाम लगा। एसीपी ने मौके पर पहुंचकर स्वजन और लोगों को समझाकर शांत किया। गांव शमशेर मुरादनगर निवासी नरेंद्र (32) हिंडन हवाई अड्डे बतौर माली नौकरी करते थे। बुधवार सुबह करीब छह बजे साइकिल से ड्यूटी पर जा रहे थे। जब वह भनेड़ा पुल पर पहुंचे तो अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया। इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पीछे से आ रहे गांव निवासी एक युवक ने उन्हें पहचान कर स्वजनों को घटना की जानकारी दी। कुछ देर में स्वजन और गांव के लोग मौके पर पहुंचे। उधर, हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमॉर्टम को भेजने की तैयारी शुरू की लेकिन गुस्साए लोगों ने चालक का पता न लगने तक शव को न ले जाने की बात कही। पुलिस की काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन लोग अपनी मांग पर अड़े रहे। दो घंटे तक पुलिस और लोगों की बीच नोंकझाेक चलती रही और शव पोस्टमार्टम के लिए नहीं जाने दिया। हंगामा बढ़ने पर एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने लोगों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने के बाद लोगों ने शव पोस्टमार्टम को जाने दिया।




