फरीदाबाद। नवीन नगर इलाके में दो सगे भाईयाें की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। दोनों के शव देर रात अगवानपुर रोड पर कार के अंदर मिले। मृतकों की पहचान रोशन नगर निवासी 44 वर्षीय कुंदन कुमार और 38 वर्षीय रंजन कुमार के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में दोनों की मौत दम घुटने से हुई बताई जा रही है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान अस्पताल भिजवाए हैं। स्वजन से पता चला है कि दोनों भाई शुक्रवार सुबह कार लेकर घर से निकले थे। देर शाम तक जब वापस नहीं लौटे तो स्वजन ने उनकी तलाश शुरू की। उनकी कार नवीन नगर इलाके में अगवानपुर रोड पर खड़ी मिली। उसके अंदर दोनों के शव थे। आस-पास के लोगों ने बताया कि कार सुबह 10 बजे से खड़ी थी, लेकिन किसी ने कार की तरफ ध्यान नहीं दिया, क्योंकि वहां सड़क किनारे और भी कारें खड़ी रहती हैं। पुलिस ने बताया कि कुंदन कुमार सेना से सेवानिवृत्त थे और रंजन कुमार छोटा मोटा काम करते थे।दोनों रोशन नगर इलाके में पिछले करीब 10 साल से रह रहे थे। पुलिस का कहना है कि मौत के असली कारण का पता पोस्टमार्टम से ही चलेगा। पुलिस ने कार भी कब्जे में ली है, उसकी भी छानबीन की जा रही है।




