फरीदाबाद। संजय कालोनी 22 फुट रोड पर दुकान खाली कराए जाने से नाराज एक युवक ने मेडिकल स्टोर संचालक पर हमला कर दिया। यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई, जो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रही है। संजय कालोनी के रहने वाले महेंद्र ने बताया कि उन्होंने 22 फुट रोड पर मेडिकल स्टोर खोला हुआ है। शाम वह मेडिकल स्टोर पर अकेला था। उसके सामने रवि नाम के युवक ने कास्मेटिक की दुकान खोली हुई है। रवि ने महेंद्र के स्टोर पर आकर गालियां देनी शुरू कर दी। विरोध करने पर वह भड़क गया और मेडिकल स्टोर के अंदर घुस गया। उसने महेंद्र का गला घोंटने की कोशिश की और मारपीट की। आस-पास लोग एकत्र हो गए तो आराेपित मौके से फरार हो गया। महेंद्र ने बताया कि कुछ समय पहले उसने पास ही एक दुकान खरीदी है। रवि उस दुकान में किराये पर कास्मेटिक की दुकान चला रहा था। उसने रवि से दुकान खाली करा ली थी। इसी को लेकर रवि उससे रंजिश रख रहा था। पिछले कई दिन से रवि द्वारा परेशान करने की बात भी महेंद्र ने बताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




