फरीदाबाद। दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे-19 पर बडखल फ्लाईओवर के पास तेज रफ्तार तीन कारें आपस में टकरा गईं। हादसे में किसी को चोट नहीं आई, लेकिन तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर के बाद हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुलवाया।
पुलिस के अनुसार, रात करीब 8 बजे फ्लाईओवर पर सबसे आगे एक बलेनो कार चल रही थी। उसके पीछे हुंडई ऑरा और सबसे पीछे हुंडई क्रेटा थी। आरोप है कि क्रेटा चालक ने तेज गति में पहले ऑरा को टक्कर मारी, जिससे ऑरा आगे चल रही बलेनो से जा भिड़ी। टक्कर के बाद क्रेटा के एयरबैग खुल गए।
ऑरा कार में एक बुजुर्ग दंपती सवार थे, जो दिल्ली से आगरा जा रहे थे। बलेनो में दो युवक थे। क्रेटा कार प्रेमवीर तेवतिया नामक व्यक्ति चला रहा था। हादसे में सभी सुरक्षित रहे।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया। मामले की जांच की जा रही है।




