फरीदाबाद। भारत कॉलोनी में रहने वाले मोहित ने पड़ोस में रहने वाली नाबालिग लड़की को उसके माता पिता की गैरमाैजूदगी में एक युवक को मिलने से मना किया तो युवक को नागवार लग गया और वह इतनी ही बात पर दोस्त के साथ आया और उसने मोहित पर हमला कर दिया और उसके प्राइवेट पार्ट में चाकू घोंप दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मोहित का इलाज प्राइवेट अस्पताल में चल रहा है जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मोहित ने पुलिस को बताया कि पड़ोस में एक परिवार रहता है। उनकी एक नाबालिग बेटी है। माता-पिता दिन में काम पर चले जाते हैं, जिससे लड़की घर पर अकेली रह जाती है। विशाल नाम का एक युवक अक्सर लड़की से मिलने आता है। मोहित ने इस पर एतराज जताया और विशाल से कहा कि वह लड़की के माता-पिता की मौजूदगी में ही आए। इस पर विशाल ने उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। मोहित रात करीब 8:45 बजे काम से लौट रहा था। कॉलोनी में विशाल और बाबी ने उसे घेर लिया। उन्होंने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इस दौरान बाबी ने अपनी जेब से चाकू निकाला और मोहित के प्राइवेट पार्ट्स के पास घोंप दिया। जब आस-पास के लोगों ने शोर सुना तो आरोपी ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी और भाग गया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




