फ़रीदाबाद। औद्योगिक नगरी फ़रीदाबाद के वार्ड नंबर-9 स्थित जवाहर कॉलोनी में पिछले डेढ़ से दो महीनों से नगर निगम की लापरवाही का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। इलाके में दूषित और बदबूदार पानी की सप्लाई से सैकड़ों परिवारों का स्वास्थ्य और रोजमर्रा का जीवन प्रभावित हो रहा है। हालात ऐसे हैं कि लोग न तो नल का पानी पीने लायक समझ पा रहे हैं और न ही घरेलू कामों में उसका उपयोग कर पा रहे हैं।
स्थानीय निवासी पूनम, विवेक और ब्रह्मदत्त ने बताया कि उनकी गली में करीब 300 से ज्यादा मकान हैं और लंबे समय से नलों से काले रंग का बदबूदार पानी आ रहा है। पानी में इतनी तेज दुर्गंध होती है कि उसे घर के अंदर रखना भी मुश्किल हो जाता है। लोगों का कहना है कि इस पानी से हाथ लगाने पर हाथ काले पड़ जाते हैं। नहाने, कपड़े धोने और बर्तन साफ करने तक में परेशानी हो रही है।
इस समस्या के कारण लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी बढ़ गया है। मजबूरी में पीने और खाना बनाने के लिए बाहर से पानी खरीदना पड़ रहा है या महंगे टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। कई बार मोटर चालू रह जाने पर पानी की टंकी गंदे पानी से भर जाती है, जिसे साफ करवाने में समय और पैसे दोनों खर्च हो जाते हैं। कुछ लोगों ने बताया कि कभी-कभी देर रात पानी थोड़ा साफ आता है, जिसके इंतजार में उन्हें घंटों जागना पड़ता है।
इलाके के निवासियों ने नगर निगम और वार्ड के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि लंबे समय से चली आ रही इस समस्या के कारण किसी भी समय गंभीर बीमारियां फैल सकती हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पाइपलाइन में लीकेज या सीवेज की मिलावट की तुरंत जांच कराई जाए और क्षेत्र में साफ व सुरक्षित पेयजल की नियमित आपूर्ति बहाल की जाए।




