फरीदाबाद। सूरजकुंड परिसर में शुक्रवार से गुर्जर महोत्सव 2025 का चौथा संस्करण शुरू हो गया। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया करेंगे। देशभर से गुर्जर समाज के लाखों लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
गुर्जर आर्ट एंड कल्चर ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस महोत्सव के उद्घाटन के लिए मंत्री राजेश नागर को भी आमंत्रित किया गया है, जबकि समापन कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर शामिल होंगे। कई स्थानीय नेता भी मंच पर मौजूद रहेंगे।
इस बार महोत्सव का थीम आर्ट एंड क्राफ्ट रखा गया है। यहां गुर्जर समाज की इतिहास प्रदर्शनी, पारंपरिक खान-पान, वेशभूषा और जीवनशैली को प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही होली गायन, नगाड़ा वादन, रस्सा कशी और कबड्डी जैसे पारंपरिक खेल भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
ट्रस्ट के चेयरमैन दिवाकर बिधुड़ी ने बताया कि गुर्जर समाज के नामचीन कलाकार मंच पर प्रस्तुति देंगे। समाज के प्रतिभावान बच्चों को भी इस कार्यक्रम के माध्यम से अपनी कला दिखाने का मंच मिल रहा है। सुरक्षा और सुविधाओं के लिए प्रशासन के साथ बैठक कर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।




