नई दिल्ली। बाहरी दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मंगोलपुरी स्थित ओ-ब्लॉक में सर्वोदय बाल विद्यालय से फेयरवेल पार्टी के बाद घर लौट रहे 10वीं कक्षा के छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 15 वर्षीय सुधांशु के रूप में हुई है, जो अपने माता-पिता के साथ मंगोलपुरी क्षेत्र में रहता था। जानकारी के अनुसार, हमलावर ने सुधांशु के सिर में चाकू से वार किया, जो आर-पार हो गया। गंभीर हालत में छात्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमला किसने और किस वजह से किया। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।




