दिल्ली के मंदिर से सवा छह किलो का चांदी का शिवलिंग चोरी

Must read

नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के निर्माण विहार स्थित सनातन धर्म सभा मंदिर में चोरी की घटना सामने आई है। यहां दो नकाबपोश युवक मंदिर में पहुंचे, पहले शिवलिंग पर मत्था टेका और पूजा-अर्चना का नाटक किया। इसके बाद मौका देखकर दोनों आरोपी करीब सवा छह किलो वजनी चांदी का शिवलिंग उठाकर फरार हो गए। पूरी वारदात मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। मंदिर समिति के अनुसार, घटना रविवार देर रात की है। सुबह मंदिर खुलने पर शिवलिंग गायब मिला, जिसके बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई। मंदिर समिति के अध्यक्ष ईश्वर मेहता, उपाध्यक्ष रमेश गुप्ता और कोषाध्यक्ष सतीश शर्मा ने पुलिस को लिखित शिकायत दी है। समिति का कहना है कि फुटेज में दोनों आरोपी नकाब पहने हुए नजर आ रहे हैं, जिससे उनकी पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर आसपास के इलाकों में लगे कैमरों की भी जांच शुरू कर दी है। सनातन धर्म सभा मंदिर से शिवलिंग चोरी की घटना के बाद इलाके में आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द चोरी का खुलासा नहीं हुआ और आरोपी पकड़े नहीं गए, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। लोगों ने मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article