नई दिल्ली। पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी में दिल्ली जल बोर्ड द्वारा खोदे गए खुले गड्ढे में बाइक समेत गिरकर जान गंवाने वाले 25 वर्षीय कमल ध्यानी की मौत को लेकर अब डॉक्टरों की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सामने आ गई है। वैसे यह प्राथमिक रिपोर्ट बताया जा रहा है, जिसमें अब तक मौत के सही समय की जानकारी नहीं दी गई है। परिजनों को उपलब्ध कराए गए इस रिपोर्ट में युवक की मौत का कारण ट्रामेटिक एस्फिक्सिया, यानी सीने पर दबाव और सांस रुकना बताया गया है।डॉक्टरों की रिपोर्ट में बताया गया है कि हादसे के बाद कमल ध्यानी गड्ढे में पेट के बल गिर गए थे। इस दौरान गड्ढे की गीली मिट्टी से उनका मुंह और नाक ढक गया, जिससे ऑक्सीजन की आपूर्ति रुक गई। साथ ही, सीने पर भारी वस्तु के दबाव के कारण सांस लेने की प्रक्रिया और अधिक बाधित हो गई, जो जानलेवा साबित हुई। यह स्थिति कमल के गड्ढे में गिरने के बाद उनके उपर गिरी उनकी बाइक के नीचे दबने से हुई होगी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी यह संभावना जताई गई है कि सीने पर पड़ा दबाव मोटरसाइकिल या किसी भारी वस्तु के गिरने से हुआ हो सकता है। डॉक्टरों के अनुसार, इन परिस्थितियों में दम घुटने की स्थिति बनी और कुछ ही समय में युवक की मौत हो गई। रिपोर्ट में मृतक की दाहिनी जांघ व पैर पर मिले जलने के निशानों को लेकर भी अहम खुलासा किया गया है। चिकित्सकों का कहना है कि यह पोस्टमॉर्टम बर्न हो सकता है, जो मौत के बाद लंबे समय तक बाइक के साइलेंसर के संपर्क में रहने से बना। डॉक्टरों ने फिलहाल मौत के तरीके को दुर्घटनावश माना है। हालांकि, मौत के सटीक समय और पूरे घटनाक्रम को लेकर अंतिम निष्कर्ष विस्तृत जांच के बाद ही सामने आएगा।




