नई दिल्ली। करूर भगदड़ मामले में तमिलगा वेट्री कजगम (TVK) के चीफ और अभिनेता विजय थलापति से CBI ने 8 दिन में दूसरी बार पूछताछ की। विजय सोमवार सुबह करीब 10:29 बजे CBI मुख्यालय पहुंचे और शाम करीब 5 बजे बाहर निकले। जांच अधिकारियों ने उनसे करीब साढ़े छह घंटे तक सवाल-जवाब किए, इसके बाद वे चेन्नई के लिए रवाना हो गए।
यह पूछताछ 27 सितंबर 2025 को तमिलनाडु के करूर में हुई भगदड़ से जुड़ी है। उस दिन TVK की रैली के दौरान भारी भीड़ जमा होने से भगदड़ मच गई थी, जिसमें 41 लोगों की मौत हुई थी और 60 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। CBI इस मामले में उस दिन ड्यूटी पर तैनात 9 सुरक्षाकर्मियों से भी पूछताछ कर रही है।
इससे पहले 12 जनवरी को भी विजय से करीब छह घंटे पूछताछ हुई थी। तब उन्होंने CBI को बताया था कि भगदड़ के लिए उनकी पार्टी जिम्मेदार नहीं है और हालात बिगड़ने से रोकने के लिए वे रैली स्थल से रवाना हो गए थे।
सोमवार को पूछताछ के दौरान CBI दफ्तर के बाहर विजय के समर्थक जमा रहे। फैंस का कहना था कि हादसे से विजय को भी गहरा दुख है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था में चूक के लिए सिर्फ उन्हें जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।
CBI ने 6 जनवरी को विजय को समन भेजकर 12 जनवरी को पेश होने के लिए कहा था। एजेंसी इससे पहले TVK के कई पदाधिकारियों से पूछताछ कर चुकी है और अब इस मामले में चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी पर विचार कर रही है।
बताया गया है कि करूर में हुई रैली के लिए प्रशासन से 10 हजार लोगों की अनुमति थी, लेकिन मौके पर करीब 1.20 लाख लोग पहुंच गए थे। भीड़ में एक बच्ची के गुम होने की सूचना के बाद हालात और बिगड़ गए, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी।




