कटरा। वैष्णो देवी मंदिर के पुराने ट्रैक पर मंगलवार दोपहर हुए भूस्खलन में मरने वालों की संख्या बुधवार को बढ़कर 34 हो गई, जबकि 28 से ज्यादा लोग घायल हैं और कई लापता बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद यात्रा रोक दी गई और रेस्क्यू टीमों ने राहत अभियान शुरू किया। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने घायलों से मुलाकात कर हर संभव मदद का भरोसा दिया। मृतकों के परिजन को 9 लाख रुपए तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी। भारी बारिश से जम्मू के कई इलाके बाढ़ जैसे हालात से जूझ रहे हैं और नॉर्दर्न रेलवे ने जम्मू-कटरा रूट की कई ट्रेनों को रद्द या छोटा कर दिया है। सेना और एजेंसियां अब तक हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा चुकी हैं।




