शहडोल। शुक्रवार रात एक डॉक्टर और एएसआई के बीच सड़क पर मारपीट हो गई, जिसका वीडियो शनिवार को सामने आया। यह घटना तब हुई जब जिला अस्पताल में कार्यरत बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. कौशलेंद्र द्विवेदी ड्यूटी के बाद अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में आईटीआई के पास सोहागपुर पुलिस की गश्त टीम ने उनकी कार रोकी और देर रात बाहर होने का कारण पूछा। इस पर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। डॉक्टर का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उनकी पत्नी और पिता के सामने उनके साथ मारपीट की, जबकि पुलिस का कहना है कि डॉक्टर ने बहस के दौरान एएसआई सुखवंत चतुर्वेदी की वर्दी फाड़ दी। यह मामला अब एसपी रामजी श्रीवास्तव के संज्ञान में पहुंच चुका है। वीडियो में दोनों के बीच हुई झड़प साफ देखी जा सकती है।
शहडोल में डॉक्टर और ASI भिड़े, सड़क पर मारपीट का वीडियो वायरल!




