भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा आज दोहा में होने वाली डायमंड लीग प्रतियोगिता में भारतीय दल का नेतृत्व करेंगे। उनके साथ तीन अन्य भारतीय एथलीट भी इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भाग लेंगे, जो डायमंड लीग में भारत की अब तक की सबसे बड़ी भागीदारी मानी जा रही है। भारतीय खिलाड़ी रात 10 बजे से अपना प्रदर्शन शुरू करेंगे। मेंस जेवलिन थ्रो स्पर्धा में नीरज के साथ किशोर जेना भी भाग ले रहे हैं। किशोर जेना ने 2024 में भी इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था और 76.31 मीटर के थ्रो के साथ नौवें स्थान पर रहे थे। नीरज चोपड़ा ने 2024 के डायमंड लीग फाइनल में 87.86 मीटर का थ्रो किया था, लेकिन वह खिताब से मात्र 0.01 मीटर से चूक गए थे। ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स ने 87.87 मीटर का थ्रो कर पहला स्थान हासिल किया था। नीरज इससे पहले 2022 में इस प्रतियोगिता का खिताब जीत चुके हैं।
डायमंड लीग: नीरज चोपड़ा के साथ भारत की रिकॉर्ड भागीदारी




