इंदौर। जिले के सांवेर क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय छात्रा की मोबाइल फोन ब्लास्ट से मौत हो गई। घटना चंद्रावतीगंज थाना क्षेत्र के सिमरोड गांव की है, जहां उर्वशी नाम की किशोरी अपने मौसा-मौसी के घर गई हुई थी। परिजनों के अनुसार, वह कमरे में वीवो कंपनी का तीन साल पुराना मोबाइल चार्जिंग पर लगाए हुए इस्तेमाल कर रही थी, जब अचानक फोन में धमाका हो गया। विस्फोट के बाद उर्वशी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में भी यह बात सामने आई है कि हादसे के वक्त छात्रा वीवो का मोबाइल उपयोग कर रही थी। जानकारी के अनुसार, उर्वशी के पास खुद का मोबाइल नहीं था और वह सामान्यतः माता-पिता या घर के अन्य सदस्यों का फोन इस्तेमाल करती थी। हादसे के समय वह अपने मौसा घनश्याम चौधरी और मौसी सीमा बाई के घर पर थी और वहीं मौसा का पुराना मोबाइल चला रही थी। छात्रा के पिता डॉ. जितेंद्र चौधरी होम्योपैथिक चिकित्सक हैं, और परिवार में मां पूनम बाई व छोटा भाई अमन भी हैं।
चार्जिंग के दौरान मोबाइल फटा, इंदौर में 14 साल की छात्रा की दर्दनाक मौत




