जबलपुर। सिहोरा इलाके में एक अजीबोगरीब चोरी का मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने महज 125 रुपए कीमत के एक किलो रसगुल्ले चोरी होने पर एफआईआर दर्ज की है। 24 अप्रैल को एक स्कूटी सवार युवक, जो मुंह पर कपड़ा बांधे हुए था, बेकरी शॉप पर पहुंचा। उसके साथ एक और युवक भी था जो दुकान के किनारे खड़ा रहा। उस समय दुकानदार देवकरण गहरी नींद में था, जिसका फायदा उठाते हुए स्कूटी सवार युवक ने काउंटर के पास रखा रसगुल्ले का डिब्बा और साथ ही गुटखे के दो पाउच चुरा लिए। इस चोरी का पता दुकानदार को चार दिन बाद, 28 अप्रैल को तब चला जब वह सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहा था। फुटेज में चोरी की वारदात कैद हो गई थी और जांच के बाद आरोपी की पहचान सिहोरा के रहने वाले आशुतोष ठाकुर के रूप में हुई। इसके बाद देवकरण ने आवेदन तैयार कर सिहोरा थाने में शिकायत दर्ज कराई, जहां ड्यूटी पर मौजूद अधिकारी ने तुरंत एफआईआर दर्ज कर ली।
125 रुपए के रसगुल्ले की चोरी पर दर्ज हुई एफआईआर, CCTV ने खोला राज




