नई दिल्ली। दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय इंदिरा गांधी हवाई अड्डे पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब सऊदी एयरलाइंस की जेद्दा से दिल्ली आ रही फ्लाइट में तकनीकी खराबी के चलते इमरजेंसी लैंडिंग की सूचना मिली। इसके बाद सभी विभाग अलर्ट हो गए। सऊदी एयरलाइंस की फ्लाइट एसवी758 ने दिल्ली एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग की। यह फ्लाइट जेद्दा से दिल्ली आ रही थी और इसमें कुल 404 यात्री सवार थे। मीडिया रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है एयर ट्रैफिक कंट्रोल को शाम फ्लाइट में तकनीकी खराबी की सूचना मिली, जिसके बाद पूर्ण आपात स्थिति घोषित कर दी गई। यह निर्णय एक संभावित टायर पंचर की आशंका के कारण लिया गया। फ्लाइट को शाम 5:15 बजे रनवे पर सुरक्षित उतारा गया। आईजीआई एयरपोर्ट प्रशासन ने आपात लैंडिंग के दौरान सभी आवश्यक इंतजाम किए थे। एयरपोर्ट पर फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस और मेडिकल टीम को अलर्ट पर रखा गया था ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। लैंडिंग सफल रही और किसी भी यात्री या चालक दल के सदस्य को कोई चोट नहीं पहुंची। विमान की जांच की गई। घटना के बाद विमान की तकनीकी जांच की गई ताकि असली कारणों का पता लगाया जा सके। इस घटना के कारण एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए अन्य विमानों की उड़ानों पर असर पड़ा, लेकिन स्थिति को जल्द सामान्य कर लिया गया।
जेद्दा से दिल्ली आ रही फ्लाइट में आई खराबी, आईजीआई पर कराई आपात लैंडिंग




