गुरदासपुर। उत्तर प्रदेश एसटीएफ और पंजाब पुलिस के संयुक्त अभियान में, बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) और आईएसआई मॉड्यूल से जुड़े एक सक्रिय आतंकवादी लाजर मसीह को यूपी के कौशांबी में गिरफ्तार किया गया। दोनों राज्यों के बीच समन्वित अभियान के तहत अमृतसर निवासी लाजर मसीह को पकड़ा गया, जो 2024 से फरार था। बटाला के एसपी जांच गुरप्रताप सिंह सहोता ने बताया कि अपराध के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए यूपी पुलिस और पंजाब पुलिस ने संयुक्त प्रयास कर समन्वित अभियान चलाया। इसमें बब्बर खालसा इंटरनेशनल और आईएसआई मॉड्यूल के एक ऑपरेटिव लाजर मसीह को यूपी के कौशांबी से गिरफ्तार किया गया है। वह अमृतसर का रहने वाला है। पाकिस्तान स्थित आईएसआई मॉड्यूल का हरविंदर रिंदा, जर्मनी स्थित मॉड्यूल का स्वर्ण सिंह उर्फ जीवन फौजी और अमेरिका स्थित बीकेआई का ऑपरेटिव हैप्पी पासिया उसके हैंडलर थे। लजर मसीह एक मेडिकल शॉप पर गोलीबारी के मामले में वांछित था। इस घटना में एक व्यक्ति घायल हुआ था। डेरा बाबा नानक पुलिस कई दिनों से यूपी में तैनात थी। हमें सूचना मिली थी कि वह एक नए पहचान पत्र के साथ रह रहा था। उसके खिलाफ पहले से ही 3 एफआईआर दर्ज हैं। वह 2024 में न्यायिक हिरासत से भाग गया था और तब से फरार था। सहोता ने कहा कि हमारी पुलिस ने यूपी पुलिस के साथ मिलकर उसे गिरफ्तार किया। उसके पास से 3 हैंड ग्रेनेड, 2 डेटोनेटर, एक विदेशी पिस्तौल, 13 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
यूपी-पंजाब पुलिस ने मिलकर किया बब्बर खालसा का कार्यकर्ता लाजर मसीह गिरफ्तार




